बस-ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत, 19 यात्री घायलचार की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती; राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने ली इलाज की जानकारी
बलौदा बाजार। जिले के ग्राम सकरी के पास शुक्रवार रात लगभग 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से बलौदा बाजार आ रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस और तेज रफ्तार ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 19 यात्री घायल हो गए। इनमें से चार घायलों को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया।
मंत्री ने फोन पर ली घायलों की जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही बलौदा बाजार विधायक एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सिविल सर्जन से मोबाइल फोन पर बात कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी घायलों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। वहीं समाजसेवी योगेश अग्रवाल भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
कलेक्टर ने दिए बेहतर उपचार के निर्देश
जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने भी अस्पताल प्रशासन को सभी घायलों का बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केवट ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे पुलिस ने तत्काल सुचारु कराया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी की मृत्यु नहीं हुई है, जो राहत की बात है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा घायलों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
अस्पताल में उमड़ी परिजनों की भीड़
दुर्घटना की खबर फैलते ही जिला चिकित्सालय में घायलों के परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इमरजेंसी वार्ड के बाहर परिजन अपने प्रियजनों की जानकारी के लिए घंटों इंतजार करते रहे। कई लोग भावुक होकर रोते-बिलखते नजर आए। अस्पताल प्रशासन को उपचार के साथ-साथ परिजनों को संभालने की भी चुनौती का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने दिखाई मानवता
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मदद के लिए आगे आए। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस पहुंचने तक प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे गंभीर स्थिति से बचाव संभव हो सका।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में बस और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर होना सामने आया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

