दलहन-तिलहन फसलों की खरीदी हेतु पंजीयन तिथि में वृद्धि
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : शासन द्वारा प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान योजना के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत इस वर्ष से दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की योजना प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों फसल बोने वाले किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज सेवा सहकारी समितियों में बेच सकेंगे।
दलहन एवं तिलहन फसलों को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन कराना अनिवार्य है। अब तक 12,583 किसानों द्वारा चना, मसूर एवं सरसों फसल के लिए पंजीयन कराया जा चुका है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 मार्च 2026 कर दी गई है। किसान निर्धारित तिथि तक संबंधित सेवा सहकारी समिति में जाकर पंजीयन करा सकते हैं।
जिले के खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत सेवा सहकारी समिति अतरिया एवं मुढीपार को अधिसूचित किया गया है। इसी प्रकार विकासखंड छुईखदान अंतर्गत सेवा सहकारी समिति गंडई को दलहन-तिलहन फसल खरीदी के लिए अधिसूचित किया गया है।
अतः अरहर, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों फसल बोने वाले किसान संबंधित सेवा सहकारी समिति में जाकर पंजीयन करा लें, ताकि उन्हें योजना के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त हो सके।




