जिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 : विकास के 25 वर्षों की झलक दिखा रहे हैं आकर्षक स्टॉल


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
सभी विभागों की जीवंत प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

खैरागढ़ 3 नवंबर 2025// फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य के गौरवशाली 25 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाने वाली प्रदर्शनी लोगों को आकर्षित कर रही है। तीन दिवसीय इस आयोजन में विभिन्न विभागों ने अपने नवाचार, योजनाएँ और उपलब्धियाँ जीवंत रूप में प्रस्तुत की हैं।
जनसंपर्क विभाग : विकास के 25 वर्षों की झलक फोटो प्रदर्शनी में
जनसंपर्क विभाग द्वारा सजी फोटो प्रदर्शनी में राज्य निर्माण के बाद हुए विकास कार्यों को खूबसूरत छायाचित्रों में प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा दी गई सौगातें, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, एक पेड़ माँ के नाम, रामलला दर्शन योजना आदि की झलक इसमें देखने को मिलती है। इसके अलावा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया गया है
कृषि विभाग की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन में तिलहन उत्पादन की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत कृषि विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में सोयाबीन, सरसों, तिल, मूंगफली व अरण्डी की तिलहन फसलों का प्रदर्शन किया गया। जिले में 1210 हेक्टेयर क्षेत्र में किए गए इस प्रदर्शन से 1847 कृषक लाभांवित हुए हैं।
साथ ही परम्परागत कृषि विकास योजना एवं राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत 880 हेक्टेयर में प्राकृतिक खेती का प्रदर्शन किया गया है, जिससे 1571 कृषक लाभ पा रहे हैं। प्रदर्शनी में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए जैविक उत्पाद — नोमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, अग्नास्त्र, जीवामृत व बीजामृत भी आकर्षण का केंद्र रहे।
राज्योत्सव में पशुधन विभाग की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में पशुधन विकास विभाग द्वारा गौधाम योजना, डेयरी उद्यमिता, चारा विकास और उन्नत पशुधन वितरण जैसी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।
स्टॉल में पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण व चारा उत्पादन संबंधी जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में विभागीय योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण आजीविका और आत्मनिर्भरता की झलक नजर आई।
राज्योत्सव 2025 : महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी
राज्योत्सव में विभाग की प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और पोषण सुधार की 25 वर्षों की उपलब्धियाँ प्रदर्शित की गईं।
मुख्य आकर्षण रहे महतारी वंदन योजना, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और पोषण अभियान।
संदेश रहा — “सशक्त महिला, समृद्ध छत्तीसगढ़”।

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग
राज्योत्सव में विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार व उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
स्टॉल में आयुष्मान कार्ड निर्माण, हीमोग्लोबिन जांच, डायबिटीज़ व रक्तचाप जांच, तंबाकू नियंत्रण व अनेमिया मुक्त भारत जैसी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है।
उद्यानिकी विभाग का स्टॉल
समेकित उद्यानिकी विकास योजना अंतर्गत विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें आम फलोद्यान के साथ बैंगन की अंतरवर्तीय फसल और गेंदा क्षेत्र विस्तार का जीवंत प्रदर्शन किया गया है। लाभान्वित कृषकों की झलक सहित योजनाओं का तकनीकी मार्गदर्शन एवं पाम्पलेट वितरण किया जा रहा है।
मछली पालन विभाग की प्रदर्शनी
राज्योत्सव रजत जयंती पर विभाग द्वारा तालाब निर्माण, केज कल्चर व बायोफ्लॉक तकनीक आधारित सघन मत्स्य पालन का प्रदर्शन किया गया है। साथ ही अनुदान योजनाएँ, आहार व प्रोबायोटिक सामग्री प्रदर्शित की गई हैं।
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की प्रदर्शनी
राज्योत्सव में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा ललित कला, संगीत एवं नृत्य से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें चित्रकला, मूर्तिकला, छाप कला, क्राफ्ट और डिजाइन के माध्यम से कला के अकादमिक महत्व को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी युवाओं में कला एवं कौशल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रही है।
पारंपरिक पान खेती को बढ़ावा देने हेतु पान कैफे की प्रदर्शनी लगाई गई
जिला प्रशासन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के सहयोग से मां बम्लेश्वरी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा छुईखदान में पान कैफे की स्थापना की गई है। पान अनुसंधान केंद्र के मार्गदर्शन में पान स्वाद लड्डू, पान रिफ्रेश, मीठा पान, पान चाय जैसे उत्पाद तैयार किए गए हैं। पान की पारंपरिक खेती को प्रोत्साहित करने हेतु यह प्रदर्शनी लगाई गई है।
जिला पंचायत : आदर्श ग्राम की सजीव झलक
स्वसहायता समूहों की दीदियों ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। भू – जल संवर्धन का मॉडल मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र, स्वच्छ भारत मिशन के कबाड़ से जुगाड़ जहाँ पर ठोस कचरा प्लास्टिक को कैसे घर मे सजावट की समाग्री बना सकते यह दिखाया जा रहा,अमृत सरोवर, पंचायत भवन, महतारी सदन, अटल डिजिटल केंद्र और गोधाम जैसे घटकों को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया है। यह ग्राम्य विकास और आत्मनिर्भरता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।
सीएसईबी द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी आकर्षक मॉडल और पोस्टर के माध्यम से दी गई है। यह पहल सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करते हुए ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शिक्षा विभाग द्वारा नवीन शिक्षण सामग्री जैसे लाई फाई तकनीक, जादूई पिटारा, अक्षर ज्ञान और खेल-खेल में जोड़ का प्रदर्शन किया गया है। इन माध्यमों से बच्चों में बुनियादी साक्षरता, गणितीय कौशल और तकनीकी समझ को खेल-खेल में विकसित करने का प्रयास किया गया है। वहीं पुलिस विभाग ने जनसुरक्षा और “सेवा ही संकल्प” की थीम पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किया है।
4 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय राज्योत्सव में कुल 20 विभागों ने भाग लिया है। यहाँ विकास की उपलब्धियाँ, आत्मनिर्भरता की दिशा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है।


