G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

देवी पंडाल में ग्रामीणों के बीच बैठे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, सुनीं समस्याएं

मढ़मढ़ा में सड़क, सामुदायिक भवन सहित विकास कार्यों की घोषणा; नेवरीगुड़ा और अन्य गांवों में भी पहुंचे

कवर्धा। नवरात्रि के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने देवी पंडालों और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्राम मढ़मढ़ा में वे मां दुर्गा के पंडाल में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने सड़क, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

मढ़मढ़ा में कई निर्माण कार्यों की घोषणा

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम मढ़मढ़ा में ग्रामीणों की मांग पर दैहान के पास 3 लाख रुपए की लागत से मंच निर्माण और यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए 6.50 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड, पटेल समाज भवन में किचन शेड और वार्ड क्रमांक 9 में 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर लगाने के साथ गांव की सड़कों के लिए 30 लाख रुपए के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपए के मुरमीकरण कार्यों की भी घोषणा की गई।

नेवरीगुड़ा में धार्मिक झांकियों का किया अवलोकन

नेवरीगुड़ा में स्थापित दुर्गा पंडाल में छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। उप मुख्यमंत्री ने झांकियों का अवलोकन कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।

इसी क्रम में ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपए की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण तथा शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की गई।

मैनपुरी और सूरजपुरा में किए देवी दर्शन

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम मैनपुरी के दुर्गा पंडाल में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। इसके बाद सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।

नवरात्रि के दौरान उप मुख्यमंत्री का यह ग्रामीण दौरा धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसंपर्क पर केंद्रित रहा। विभिन्न गांवों में ग्रामीणों की मांगों के आधार पर विकास कार्यों की घोषणाएं की गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page