लोहझरी के विकास के लिए डिप्टी सीएम ने की 20.20 लाख रुपए की घोषणा

ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं, सीसी रोड और मंदिरों में मंच निर्माण के लिए मिलेगी राशि
कवर्धा। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शनिवार को कबीरधाम जिले के ग्राम लोहझरी पहुंचे। यहां उन्होंने महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। गांव की जरूरतों पर चर्चा के बाद उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 20 लाख 20 हजार रुपए देने की घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, गांव में चार सीसी रोड के निर्माण के लिए 10 लाख 40 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं दुर्गा मंदिर में रंगमंच निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपए, हनुमान मंदिर के पास रंगमंच निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपए और महामाया मंदिर में दो मंचों के निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपए की घोषणा की गई। इन कार्यों से गांव में आवागमन के साथ धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।

हर महीने होगी विकास कार्यों की समीक्षा
विजय शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन जरूरी है। इसके लिए जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच, ठेकेदार और अन्य जनप्रतिनिधि हर महीने बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की भागीदारी और नियमित निगरानी से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।
कवर्धा क्षेत्र में 1,000 करोड़ से अधिक के काम
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य प्रगतिरत हैं। इनमें भोरमदेव कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज और रायपुर-बिलासपुर मार्ग का चौड़ीकरण जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए गठित टीमें हर महीने के पहले सप्ताह में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करती हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद भी जताई।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

