कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में विभागवार कार्यों की समीक्षा की


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
जनहित से जुड़े कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर
गौधाम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश
खैरागढ़, 07 अक्टूबर 2025।
कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में सभी विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।
कृषि विभाग से फसल बीमा की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खेतों में फसल सर्वे के दौरान ही किसानों को बीमा प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी दी जाए। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और पात्र किसानों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सड़कों पर घूमते मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सीएमओ और जनपद सीईओ से मवेशी प्रबंधन और कांजी हाउज संचालन की जानकारी ली। उन्होंने स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समग्र शिक्षा अंतर्गत विद्यालय निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी भवनों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा के भीतर होना चाहिए। छात्रों के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने और लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर जोर देते हुए कहा कि इससे शासन कार्य पारदर्शी और तेज़ होंगे। उन्होंने विद्युत विभाग को सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अंजोर विजन @2047 के लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए सभी विभागों से कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, पर्यावरण, सामाजिक न्याय और कौशल विकास जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों पर समान रूप से ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अँजोर छत्तीसगढ़ @2047 की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करे।
गौधाम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पशु चिकित्सा विभाग को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुधन आधारित आजीविका मजबूत हो सके। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएम पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों और मांगों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमनराज, दोनों अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।