G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAखास-खबर

कलेक्टर ने स्वर्णउपज महिला किसान उत्पादक कंपनी का किया निरीक्षण, व्यापक उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की ली जानकारी

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़, 29 मई2025//
जिला मुख्यालय खैरागढ़ स्थित स्वर्णउपज महिला किसान उत्पादक कंपनी का आज कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने निरीक्षण किया गया। उन्होंने कंपनी के कार्यालय एवं ग्रामीण स्तर पर संचालित विभिन्न खरीदी केंद्रों की जानकारी ली और कंपनी की कार्यप्रणाली, उपलब्धियां और आगामी योजनाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल उपस्थित रहे।

स्वर्णउपज महिला किसान उत्पादक कंपनी के सीईओ आकाश कुरापा ने बताया कि कंपनी में तीन जिलों खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, राजनांदगांव एवं कबीरधाम के 15,000 से अधिक महिला किसान शेयरधारक हैं। वर्तमान में कंपनी के तहत 79 क्रय केंद्र सक्रिय हैं, जहाँ अब तक 3,500 टन कृषि उपज की खरीदी की जा चुकी है। मुख्य रूप से सोयाबीन, चना और तुअर (अरहर) जैसी फसलों की खरीदी की गई है। इसके अतिरिक्त, कंपनी द्वारा उच्च गुणवत्ता वाली हस्तनिर्मित प्रोसेस्ड दालों का उत्पादन कर बाज़ार में आकर्षक पैकेजिंग के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि आगामी माह में कंपनी का नाफेड (राष्ट्रीय सहकारी विपणन संघ लिमिटेड) के साथ अनुबंध प्रस्तावित है, जिससे कृषि उपज की खरीदी में और वृद्धि होने की उम्मीद है। यह कदम महिला किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं ग्रामीण कृषि व्यवस्था के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कंपनी की संचालिका दीदी, अध्यक्ष श्रीमती बबीता वैष्णव तथा उपाध्यक्ष श्रीमती सविता साहू सहित अन्य पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। कंपनी के संचालन को और प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने कहा कि स्वर्णउपज जैसी संस्थाएं ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रशासन की ओर से ऐसे प्रयासों को पूर्ण समर्थन और सहयोग दिया जाएगा। यह पहल न केवल महिला किसानों को सशक्त बनाएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page