मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बोल बम समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने 17 अगस्त को आयोजित विशाल बोल बम कांवर यात्रा में किया आमंत्रित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को 17 अगस्त की विशाल बोल बम कांवर यात्रा का निमंत्रण
पाटन। बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें 17 अगस्त को आयोजित होने वाली विशाल बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
इस दौरान जितेन्द्र वर्मा ने मुख्यमंत्री को यात्रा की रूपरेखा, तैयारियों तथा आयोजन के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन के तीसरे सोमवार पर पाटन से टोलाघाट तक हजारों शिवभक्तों की सहभागिता के साथ भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।
जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि बोल बम कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा, अनुशासन और जनआस्था का महोत्सव है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “बोल बम” के जयघोष के साथ पाटन से टोलाघाट तक पैदल यात्रा कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए चिकित्सा सहायता, पेयजल, भोजन, विश्राम, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए बोल बम कांवर यात्रा समिति को आयोजन की शुभकामनाएं दीं। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों से 17 अगस्त को आयोजित इस भव्य कांवर यात्रा में सहभागी बनने की अपील की है।



