सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस मनाया, कैडेटों ने दिखाई प्रतिभा
सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस मनाया, कैडेटों ने दिखाई प्रतिभा
मंत्री राजेश अग्रवाल बोले- सैनिक स्कूल अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में अहम

अंबिकापुर, 1 सितंबर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में स्कूल की 18 वर्षों की उपलब्धियों के साथ कैडेटों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के गार्ड ऑफ ऑनर और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यालय की 18 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में अतिथियों ने केक काटकर स्थापना दिवस मनाया। प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों की जानकारी दी।
लोकनृत्य से देशभक्ति गीत तक प्रस्तुति
कैडेटों ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, स्वागत गीत, प्रेरणादायक मूक अभिनय, देशभक्ति समूहगान और भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यालय की सत्र 2025-26 की पत्रिका का विमोचन किया। संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा तैयार किए गए ‘संस्कृत ऐप’ का भी अवलोकन किया और इसकी सराहना की।
उत्कृष्ट कैडेटों और हाउस को पुरस्कार
शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में कटारी हाउस और अरिहंत हाउस को सर्वश्रेष्ठ हाउस की ट्रॉफी दी गई। खेलकूद में भी कटारी और अरिहंत हाउस को सम्मान मिला। वहीं शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस की ट्रॉफी प्रदान की गई।
विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और स्कूल के विकास में योगदान के लिए प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की सीख
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कैडेटों को संबोधित करते हुए स्कूल की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाकर निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
समारोह में सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल सहित संभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




