महिला आरक्षण बिल गिरने पर भाजपा नेता का विपक्ष पर निशाना, बताया “काला दिन”

जांजगीर-चांपा। 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल के लोकसभा में पारित नहीं हो पाने पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने 17 अप्रैल को देश की महिलाओं के लिए “काला दिन” बताया।
इंजी. पाण्डेय ने कहा कि जिस दिन को देश की आधी आबादी के लिए उत्सव का दिन होना चाहिए था, वह दिन विपक्ष के कारण निराशा में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन की मानसिकता इस मुद्दे पर उजागर हो गई है और उनके विरोध के चलते बिल 52 मतों से गिर गया।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में देश की महिलाएं इस फैसले का जवाब देंगी और विपक्षी दलों को सबक सिखाएंगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिल गिरने के बाद कुछ दलों द्वारा उत्सव मनाना उनकी “छोटी सोच” को दर्शाता है।
इंजी. पाण्डेय ने विपक्ष पर यह भी आरोप लगाया कि उनकी दुर्भावना के कारण महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाएगा और देश परिसीमन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया से भी वंचित हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों को महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ेगा।


