G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

भोरमदेव महोत्सव 2026: चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, 400 से अधिक पुलिस बल तैनात

कबीरधाम। भोरमदेव महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने हेतु कबीरधाम पुलिस द्वारा इस वर्ष व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में पूरे मेला क्षेत्र में लगभग 400 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है।

महोत्सव स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष रणनीति अपनाते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल, सादे कपड़ों में जवान, महिला पुलिस, यातायात स्टाफ एवं विशेष टीमों को तैनात किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।

महोत्सव स्थल में सुचारु एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु तीन अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है। मंचीय अतिथियों एवं कलाकारों के लिए पृथक प्रवेश द्वार की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त वीआईपी एवं मीडिया कर्मियों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था करते हुए उसी मार्ग से उनका प्रवेश सुनिश्चित किया गया है, जिससे भीड़ का दबाव नियंत्रित रहे एवं सभी वर्गों की आवाजाही व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

ड्रोन कैमरों एवं CCTV के माध्यम से पूरे मेला परिसर की सतत निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है एवं संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई हेतु कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की उपद्रवी गतिविधि, चोरी, छेड़छाड़ या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की घटना पर तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी जाती है कि वे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने का प्रयास न करें। यदि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

महोत्सव में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि वे शांति एवं अनुशासन बनाए रखें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम को दें।

कबीरधाम पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि महोत्सव का आयोजन सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page