दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण के तत्वावधान में टैरिफ, बिलिंग और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

बलरामपुर के शासकीय महाविद्यालय में छात्रों को दूरसंचार उपभोक्ता अधिकारों की दी गई जानकारी

बलरामपुर। दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के उपभोक्ता जागरूकता अभियान के तहत उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को शासकीय महाविद्यालय, बलरामपुर में “दूरसंचार और प्रसारण में टैरिफ एवं बिलिंग” विषय पर दूरसंचार उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर ने की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. आस्था महंत तथा उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं में टैरिफ एवं बिलिंग व्यवस्था, उपभोक्ता अधिकार, सेवा गुणवत्ता, शिकायत निवारण प्रणाली, साइबर हाइजीन, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा स्पैम कॉल एवं एसएमएस से सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दूरसंचार सेवाओं का सुरक्षित और जागरूक उपयोग ही उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दूरसंचार सेवाओं से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समाधान किया। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं से किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश से सावधान रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित शिकायत निवारण तंत्र का उपयोग करने की अपील की।
समापन अवसर पर उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन की सचिव श्रीमती मीनाक्षी गौतम ने महाविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए स्मृति-चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से अंशु सेन सहित योगेश कुमार राठौर, ओम शरण शर्मा, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरसंचार उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाते हुए सुरक्षित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाओं के उपयोग को बढ़ावा देना था।

