शहीद दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, आमजन से शामिल होने की अपील



कवर्धा। 23 मार्च शहीद दिवस के अवसर पर देश के अमर शहीदों की शहादत को याद करते हुए स्थानीय शहीद पार्क, सिग्नल चौक कवर्धा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे आयोजित होगा, जिसमें आमजन से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
ज्ञात हो कि 23 मार्च 1931 को ब्रिटिश हुकूमत द्वारा लाहौर जेल में वीर क्रांतिकारी भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को फांसी दी गई थी। उनके बलिदान को स्मरण करते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था, कबीरधाम जिला के अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार यदु ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे देश की आजादी और एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु कार्यक्रम में शामिल हों। उन्होंने कहा कि श्रद्धांजलि स्वरूप प्रत्येक व्यक्ति अपने साथ एक दीपक या मोमबत्ती लेकर आए और शहीदों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करे।
कार्यक्रम में सीनियर सिटीजन समिति, कबीरधाम जिला के अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों द्वारा भी सहभागिता की सहमति दी गई है। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शहीदों को नमन करने की अपील की है।



