दुर्गा पूजा और दशहरा पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील, दुकानदारों से सहयोग का आग्रह


सभासद अब्दुल सलाम ने कहा— सफाई के बाद दुकानों के सामने न डालें कूड़ा, शहर को स्वच्छ रखने में निभाएं जिम्मेदारी
मऊनाथ भंजन। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के मद्देनजर नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन की ओर से शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों और दुकानदारों से सहयोग की अपील की गई है। वार्ड नंबर 24 के सभासद अब्दुल सलाम और सफाई नायक अली अहमद ने लोगों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 10 बजे तक मुख्य मार्गों और मोहल्लों में सफाई का कार्य करते हैं। ऐसे में सफाई होने के बाद दुकानदार अपनी दुकानों के सामने कूड़ा न फैलाएं और आसपास के लोगों को भी कूड़ा डालने से रोकने में सहयोग करें।
श्रद्धालुओं की सुविधा का रखें ध्यान
गोला बाजार में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। रामगोपाल खंडेलवाल मोड़ से सदर चौक तक बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।
सभासद अब्दुल सलाम और सफाई नायक अली अहमद ने वार्ड नंबर 24 के पठान टोला क्षेत्र सहित आसपास के नागरिकों और व्यापारियों से नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
अपील: दुर्गा पूजा और दशहरा के पावन अवसर पर स्वच्छता का संकल्प लें और मऊनाथ भंजन को साफ-सुथरा रखने में अपना योगदान दें।
