झिरियाकला क्लस्टर में 75 किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण, जैविक उत्पादों के उपयोग की दी जानकारी

राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कृषि विज्ञान केंद्र की पहल, जीवामृत और बीजामृत बनाने की वैज्ञानिक विधियां बताईं

कवर्धा। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, कवर्धा द्वारा पंडरिया विकासखंड के झिरियाकला क्लस्टर में 75 किसानों को प्राकृतिक खेती की वैज्ञानिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में किसानों को जीवामृत, बीजामृत सहित विभिन्न जैव उत्पादों के निर्माण और फसलों में उनके उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को रासायनिक कृषि पर निर्भरता कम करने और प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। विशेषज्ञों ने जैव उत्पादों की उपयोगिता, उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया तथा फसलों में प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान किसानों को बताया गया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और कृषि की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिल सकती है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से जैव उत्पाद तैयार कर उनका उपयोग करने से रासायनिक खाद एवं अन्य कृषि इनपुट पर निर्भरता कम की जा सकती है।
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण से किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों को समझने और उन्हें अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिला। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के माध्यम से किसानों को पर्यावरण अनुकूल, टिकाऊ और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


