G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

नया धान उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को मिली राहत, 7 किमी की दूरी घटकर हुई 2 किमी

चुचरुंगपुर केंद्र से चार गांवों के किसानों को लाभ, परिवहन खर्च हुआ आधा; अब तक 73 किसानों से 4,048 क्विंटल धान की खरीदी

कवर्धा। किसानों को नजदीक में धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल अब राहत बनकर सामने आ रही है। चुचरुंगपुर में नया धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से आसपास के चार गांवों के किसानों को बड़ी सहूलियत मिली है। पहले किसानों को धान बेचने के लिए सोनपुरी समिति तक करीब 7 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, जो अब घटकर महज 2 किलोमीटर रह गई है। इससे किसानों का समय और परिवहन खर्च दोनों बच रहे हैं।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत चुचरुंगपुर उपार्जन केंद्र में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। अब तक 73 किसानों से कुल 4,048 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। केंद्र में 614 किसान पंजीकृत हैं। वहीं, आज 11 किसानों के लिए टोकन जारी किए गए। केंद्र में प्रतिदिन औसतन 630 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है।

टोकन से तौल तक सुविधाएं

किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन की व्यवस्था की गई है। किसान तुंहर टोकन मोबाइल एप के जरिए भी टोकन प्राप्त कर रहे हैं। धान की नाप-तौल के साथ खरीदे गए धान को बारिश और नमी से बचाने के लिए तिरपाल तथा ड्रेनेज की व्यवस्था की गई है।

चार गांवों के किसानों को मिल रहा लाभ

चुचरुंगपुर के किसान युवराज चंद्राकर ने बताया कि नया उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को काफी राहत मिली है। पहले सोनपुरी समिति तक 7 किलोमीटर जाना पड़ता था, जबकि अब केवल 2 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इससे परिवहन खर्च आधा होने के साथ समय की भी बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि टोकन और बारदाने की बेहतर व्यवस्था से धान बेचने में आसानी हो रही है।

इस केंद्र से चुचरुंगपुर, कुआं, बानो और तमरवा गांव के किसानों को लाभ मिल रहा है। किसानों ने नजदीक में धान खरीदी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

नया उपार्जन केंद्र शुरू होने से किसानों को दूरस्थ समितियों तक जाने की परेशानी से राहत मिली है। स्थानीय स्तर पर खरीदी, बेहतर व्यवस्थाओं और कम दूरी के कारण किसानों के समय एवं संसाधनों की बचत हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page