G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

सखी वन स्टॉप सेंटर कवर्धा के प्रयासों से भटकती महिला का परिवार से हुआ पुनर्मिलन

घरेलू हिंसा से पीड़ित महिला को मिला सुरक्षित आश्रय, काउंसलिंग के बाद पति ने अपनी गलती स्वीकार कर साथ रखने की दी सहमति

कवर्धा। महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर कवर्धा के संवेदनशील प्रयासों से घरेलू हिंसा से पीड़ित एवं भटकती हुई महिला का उसके परिवार से पुनर्मिलन कराया गया। केंद्र की टीम द्वारा महिला को सुरक्षित आश्रय, परामर्श एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर पति-पत्नी के बीच आपसी समझ और सहमति स्थापित की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वर्ष 2017 से भारत माता चौक, कवर्धा के समीप सखी वन स्टॉप सेंटर का संचालन किया जा रहा है। केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे निःशुल्क परामर्श, चिकित्सा सुविधा, विधिक सेवा, पुलिस सहायता एवं अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया जाता है। केंद्र में अब तक प्राप्त कुल 1,765 प्रकरणों में से 1,735 प्रकरणों का सफल निराकरण किया जा चुका है।

भटकती एवं परेशान अवस्था में पहुंची महिला को मिला आश्रय

हाल ही में जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में एक महिला (परिवर्तित नाम श्रीमती रेखा) भटकती हुई एवं मानसिक रूप से परेशान अवस्था में पहुंची। प्रारंभ में असहज होने के कारण वह अपना परिचय नहीं दे पा रही थी। जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशानुसार महिला को तत्काल सखी वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित आश्रय प्रदान किया गया। केंद्र में सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण मिलने के बाद महिला ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि उसका पति (परिवर्तित नाम राकेश) शराब का आदी है तथा आए दिन मामूली बातों पर उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करता है। घटना की शाम भी पति द्वारा मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया था।

काउंसलिंग के माध्यम से पति-पत्नी के बीच बनी सहमति

महिला अपने पति की आदतों में सुधार चाहती थी और उसके साथ ही रहना चाहती थी। महिला की इच्छा का सम्मान करते हुए उसके पति को सखी वन स्टॉप सेंटर बुलाया गया। केंद्र प्रशासक, परामर्शदाता, केसवर्कर एवं पैरालीगल कार्मिक की उपस्थिति में दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। प्रारंभ में पति ने अपनी गलती स्वीकार करने तथा पत्नी को साथ रखने से इनकार किया। इस पर केंद्र की टीम ने उसे घरेलू हिंसा के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 एवं भरण-पोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही, उसे शराब की लत छोड़ने के लिए नशा मुक्ति केंद्र से संपर्क कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श लेने की सलाह दी गई। समझाइश के बाद पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में पत्नी के साथ मारपीट नहीं करने तथा उसे सम्मानपूर्वक साथ रखने की लिखित सहमति दी। इसके बाद महिला की इच्छा के अनुरूप पति-पत्नी का पुनर्मिलन कराया गया।

संवेदनशील प्रयासों से परिवार में लौटी खुशियां

सखी वन स्टॉप सेंटर कवर्धा की टीम द्वारा पीड़ित महिला को तत्काल सहायता, सुरक्षित वातावरण एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराकर एक महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी निभाई गई। केंद्र के प्रयासों से न केवल महिला को सुरक्षा एवं सम्मान का भरोसा मिला, बल्कि एक परिवार को पुनः एकजुट होने का अवसर भी प्राप्त हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page