श्रमजीवी पत्रकार संघ का प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन बिलासपुर में संपन्न, पत्रकारों की एकता पर दिया जोर

बिलासपुर। श्रमजीवी पत्रकार संघ बिलासपुर के तत्वावधान में प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकारों ने पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और पत्रकारों के हितों को लेकर गंभीर चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी मौजूद रहे। उनके साथ बिलासपुर जिला के पूर्व सचिव कृष्णचंद्र मिश्रा, संतोष मिश्रा, दिलीप तोलानी, अरविंद मिश्रा, सहित जिले और प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। आज पत्रकारों पर दबाव बढ़ा है, ऐसे में सभी पत्रकारों को संगठित होकर निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करनी होगी। उन्होंने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हर पत्रकार के सम्मान, सुरक्षा और अधिकार के लिए हमेशा खड़ा रहेगा।
पूर्व सचिव कृष्णचंद्र मिश्रा ने कहा कि छोटे और मझोले समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ, अधिमान्यता और सुरक्षा मिलनी ही चाहिए।
अन्य वक्ताओं ने भी पत्रकारों की स्वास्थ्य सुरक्षा, बीमा, पेंशन और कार्यस्थल पर सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सभी ने एक स्वर में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया गया।



