बनंगौरा जंगल में हाथी के हमले से महिला की मृत्यु, परिजनों को ₹25 हजार की तात्कालिक सहायता प्रदान

कवर्धा। वनमंडल कवर्धा के तरेगांव परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनंगौरा के जंगल में संरक्षित वन कक्ष क्रमांक पी.एफ. 400 में हाथी के हमले से ग्राम बनंगौरा निवासी श्रीमती बैगिन बाई, पति श्री मनोहर, जाति गोंड, उम्र लगभग 55 वर्ष की मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला सुबह लगभग 9:00 बजे जंगल के भीतर लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित खेत की सुरक्षा के लिए गई थीं। परिजनों के मुताबिक, दोपहर लगभग 3:00 बजे हाथी के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी थी। आशंका है कि इसी समय महिला पर हमला हुआ होगा।
घटना की जानकारी मिलते ही उपवनमंडलाधिकारी कवर्धा एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी तरेगांव मौके पर पहुँचे। मृतका के परिजनों को जनप्रतिनिधि के माध्यम से ₹25,000 की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान श्री विष्णु धुर्वे, जनपद सदस्य बोड़ला एवं श्री तिहारी राम, सामाजिक प्रमुख भी उपस्थित रहे। शेष ₹5.75 लाख की सहायता राशि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत प्रकरण की आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर यथाशीघ्र प्रदान की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग एक सप्ताह से मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे क्षेत्रों में एकल वयस्क हाथी का विचरण बना हुआ है। हाल ही में मध्यप्रदेश में भी हाथी के हमले से एक महिला की मृत्यु होने की जानकारी मिली है। क्षेत्र में हाथी के विचरण को देखते हुए आशंका है कि बनंगौरा की घटना भी उसी हाथी द्वारा की गई हो।
तरेगांव परिक्षेत्र एवं मध्यप्रदेश वन विभाग की टीमें आपसी समन्वय से लगातार गश्त कर हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रख रही हैं। आसपास के ग्रामों में मुनादी कर ग्रामीणों को हाथी की उपस्थिति के संबंध में सतर्क किया जा रहा है।
हाथी के संभावित विचरण क्षेत्र में भुरसी पकरी, सुकझर, दलदली, दरई, कुरकी, अंधरीकछार, मुकाम, बाघमाड़ा, हडही, केशमर्दा, बाकी, पीपरखुटा, साजाटोला, गढ़ीदादर, सलेरीदादर, चेन्द्रदादर, धनवाही, मुरता, कोयलारी एवं मोधियातपथरा तथा इनके आसपास के वन क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
वनमंडल कवर्धा ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी की उपस्थिति वाले जंगलों में प्रवेश करने तथा खेतों की रखवाली के लिए जाने से बचें। हाथी दिखाई देने पर उसके निकट न जाएँ, भीड़ न लगाएँ तथा उसे खदेड़ने या फोटो-वीडियो लेने के लिए पीछा न करें। हाथी की उपस्थिति की सूचना तत्काल निकटतम वन अमले को दें और गश्ती दल द्वारा दी जा रही समझाइश एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।


