G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

दिवंगत आरक्षक के परिवार को 1.08 करोड़ रुपए की बीमा सहायता, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पत्नी को सौंपा चेक

12 साल से अधिक समय तक पुलिस विभाग में दी थी सेवा, गोली लगने की घटना में हुई थी मौत; बेटे को मिल चुकी है बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति

रायपुर। कबीरधाम जिले में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार के परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि दी गई है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में दिवंगत आरक्षक की पत्नी प्रीति देवी को बीमा राशि का चेक सौंपा। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी अपने को खोने की क्षति कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा परिवार को आगे बढ़ने का संबल देती है।

जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा सहायता प्रदान की गई है। वहीं, दिवंगत आरक्षक के पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।

पुलिसकर्मियों के परिवारों की आर्थिक सुरक्षा जरूरी

चेक वितरण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। कई बार ड्यूटी के दौरान अप्रत्याशित घटनाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना भी जरूरी है। पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ा रही है, ताकि सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों के परिवारों को भी इसका लाभ मिल सके।

बीमा राशि के सुरक्षित निवेश के लिए मार्गदर्शन देने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश और उचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए। इससे प्राप्त राशि का उपयोग परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से देय शेष सहायता और अन्य सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी बीमा सुरक्षा

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अब नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले जवानों और उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं, जिसके तहत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुविधा मिलती है। आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आश्रित परिवारों को सहायता दी जाती है।

बैंक ऑफ बड़ौदा पांच पुलिसकर्मियों के परिवारों को दे चुका है बीमा सहायता

जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिस बल के कर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह योजना दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक स्थिरता देने के साथ बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सहायक हो रही है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page