जनजातीय गौरव दिवस पर विशेष : जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और शिक्षा से सशक्त छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प

मंत्री टंक राम वर्मा बोले– भूमि अधिकारों की सुरक्षा, संस्कृति का संरक्षण और युवाओं का शैक्षणिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता
रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रदेशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, स्वाभिमान, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली विरासत को नमन करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति से है। बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय परंपराएं, लोकगीत, लोकनृत्य और प्रकृति के साथ सहअस्तित्व की भावना प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। भगवान बिरसा मुंडा के साथ शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और गेंदसिंह जैसे महान जननायकों का संघर्ष और बलिदान हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने तथा अपने अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है।
भूमि अधिकारों की सुरक्षा के लिए डिजिटल पहल
मंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के लिए भूमि केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और पारिवारिक विरासत का आधार है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनजातीय परिवारों के भूमि अधिकारों की सुरक्षा और राजस्व सेवाओं को सरल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि भुइयाँ पोर्टल, भू-अभिलेखों का डिजिटलीकरण, ऑनलाइन नामांतरण, ऑटो म्यूटेशन, ऑटो डायवर्सन और राजस्व ई-कोर्ट जैसी सुविधाओं से राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। भुइयाँ व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से भी नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
वन अधिकार मान्यता पत्रों से संबंधित प्रविष्टियों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज करने की व्यवस्था से पात्र वन अधिकार धारकों के वैधानिक अधिकारों के संरक्षण को भी महत्व दिया जा रहा है।
उच्च शिक्षा से जनजातीय युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा से संभव है। जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और कौशल विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा), सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और महाविद्यालयीन अधोसंरचना के विस्तार के माध्यम से उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए 90 दिन में 90 घंटे का विशेष अंग्रेजी सम्प्रेषण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की अंग्रेजी में संवाद करने की झिझक दूर करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट और डिजिलॉकर जैसी डिजिटल सुविधाओं से विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों का प्रबंधन भी आसान बनाया जा रहा है।
संस्कृति के संरक्षण के साथ आधुनिक विकास पर जोर
मंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ अपनी जड़ों और पहचान से दूर होना नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक अवसरों का लाभ उठाना है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय अंचलों की बेटियां उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें और युवा अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर पहचान बनाएं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की भूमि सुरक्षित हो, संस्कृति संरक्षित रहे, युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और प्रत्येक परिवार विकास की यात्रा में समान भागीदार बने, यही सरकार का संकल्प है।
अंत में मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित सभी जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महान जननायकों को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का गौरव ही छत्तीसगढ़ का गौरव है। आइए, जनजातीय गौरव दिवस पर हम सभी परंपरा और प्रगति को साथ लेकर एक सशक्त, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें।

