शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन 83.25% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

गणित विषय में सबसे ज्यादा 90.25 प्रतिशत उपस्थिति, 1812 संविदा पदों के लिए 4 नवंबर तक होगी परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। शनिवार को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, पहले दिन 10 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 7,025 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,177 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। विषयवार आंकड़ों में शिक्षक गणित विषय में सर्वाधिक 90.25 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, भौतिकी में 84.83 प्रतिशत, जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत, संस्कृत में 81.77 प्रतिशत, इतिहास में 80.56 प्रतिशत, रसायन में 77.07 प्रतिशत और व्यायाम शिक्षक विषय में 76.90 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं भूगोल में 64.29 प्रतिशत और अर्थशास्त्र में सबसे कम 63.64 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
34,604 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 34,514 को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। यानी 99.74 प्रतिशत आवेदकों को प्रवेश पत्र उपलब्ध कराए गए। आवेदन करने वालों में 20,779 महिलाएं और 13,825 पुरुष शामिल हैं। कुल आवेदकों में 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी हैं।
पहली बार सीबीटी प्रणाली से परीक्षा
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश में पहली बार इस भर्ती परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर आधारित प्रणाली से किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे पारदर्शी, तेज और प्रभावी बताया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा में उत्तरों का स्वचालित मूल्यांकन होने से परिणाम कम समय में तैयार किए जा सकेंगे। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड, उत्तर कुंजी और ऑडिट ट्रेल उपलब्ध रहने से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। अभ्यर्थियों ने भविष्य में भी अन्य भर्ती परीक्षाएं इसी प्रणाली से आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।


