G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया

चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से दी शिकस्त, सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत

रायपुर, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। लीग के पांचवें मैच में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से पराजित कर दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

न्यायधानी नाइट्स ने दूसरे क्वार्टर में पलटा मैच

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मुकाबले की शुरुआत में बढ़त बनाने का मौका गंवा दिया। टीम शुरुआती दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकाम रही। हालांकि, ओम कुमार यादव ने जीतू हेमला के पास पर गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद न्यायधानी नाइट्स ने जोरदार वापसी की। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर किया। फिर शादाब अहमद खान ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके कुछ ही देर बाद चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 3-1 कर दी।

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे आशीष तानी पूर्ति ने गोल में बदलकर अंतर कम किया। लेकिन न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर अपनी टीम की बढ़त फिर दो गोल की कर दी।

अंतिम क्वार्टर में आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की वापसी की उम्मीद जगाई। हालांकि, सोनू ने न्यायधानी नाइट्स के लिए एक और गोल दागकर मुकाबले में अपनी टीम की 5-3 से जीत सुनिश्चित कर दी।

आशीष स्ट्राइकर ऑफ द मैच, चिराग बने प्लेयर ऑफ द मैच

मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया, जबकि न्यायधानी नाइट्स के चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने मुकाबला देखने पहुंचे। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को हराया

दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ चक्रधर चैंपियंस ने सेमीफाइनल में जगह बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया।

चक्रधर चैंपियंस की ओर से परमप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल कर अहम भूमिका निभाई। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने गोल किया। लगातार दूसरी हार के बाद राजधानी रॉयल्स के लिए सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण हो गई है। टीम को अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करनी होगी।

रविवार को होंगे दो मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा, जबकि शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। इन मुकाबलों के परिणाम से सेमीफाइनल की दौड़ और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page