राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मां दंतेश्वरी के किए दर्शन, देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर पहुंचीं राष्ट्रपति, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी रहे मौजूद
रायपुर/जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।
मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना की और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी मां के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
बस्तर की आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है मां दंतेश्वरी मंदिर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तर अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी यहां की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
उन्होंने कहा कि बस्तर अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध देखने को मिलता है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। उनके प्रति स्थानीय लोगों की गहरी आस्था है। मां दंतेश्वरी की उपासना क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखती है। सदियों पुरानी मान्यताओं और परंपराओं से जुड़ा यह मंदिर बस्तर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है।

