बस में घर लौट रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र में थाने के पास गुरुवार को बस में सवार एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक बेंगलुरु से घर लौट रहा था। बस में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान रामाश्रय निषाद (30), पुत्र स्वर्गीय पलकधारी निषाद, निवासी भीकमपुर (जवइनिया), थाना रसड़ा, जनपद बलिया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रामाश्रय बेंगलुरु में निजी नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
जानकारी के अनुसार, रामाश्रय जनरल टिकट लेकर ट्रेन से गुरुवार सुबह करीब सात बजे मऊ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से वह ब्रह्मस्थान गए और फिर बस में सवार होकर अपने घर के लिए रवाना हुए। बस हलधरपुर थाना क्षेत्र में थाने के पास पहुंची, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में बस में बैठे-बैठे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक और परिचालक ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी से नहीं हो सकी बात
मामले में हलधरपुर थाना प्रभारी का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि, चार बार अलग-अलग समय पर फोन करने के बावजूद नेटवर्क क्षेत्र से बाहर होने का संदेश मिलता रहा। इसके चलते उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


