G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कुमान में बच्चों की सेहत पर प्रशासन की नजर, कमजोर बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश

कलेक्टर ने स्वास्थ्य शिविर का किया निरीक्षण, घर-घर दोबारा सर्वे के निर्देश; पेयजल के लिए लगेंगे अतिरिक्त नल कनेक्शन

कवर्धा। कबीरधाम जिले के वनांचल ग्राम कुमान में बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं और बीमारी से हुई मौतों की जानकारी के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार को कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने बोड़ला विकासखंड के ग्राम कुमान में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को घर-घर दोबारा सर्वे कर प्रत्येक बच्चे के स्वास्थ्य, वजन और पोषण स्तर की जांच करने के निर्देश दिए। कमजोर और कुपोषित बच्चों को जरूरत के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराकर उपचार और पोषण उपलब्ध कराने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि वनांचल क्षेत्र के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सर्वे के दौरान कोई भी घर या बच्चा छूटना नहीं चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखे और बीमारी या कमजोरी के लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित करे।

दिवंगत बच्चों के परिजनों से मिलीं कलेक्टर

ग्राम कुमान में गंभीर बीमारी के कारण बच्चों की मृत्यु की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार से जुड़ी जानकारी ली। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में कमजोरी या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। बच्चों का नियमित टीकाकरण कराएं और स्वास्थ्य विभाग की सलाह का पालन करें।

आधार और जन्म प्रमाणपत्र के लिए लगेंगे शिविर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गांव में आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र बनाने के शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की कमी के कारण पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होने चाहिए। संबंधित विभाग समन्वय बनाकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करें।

पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश

ग्रामीणों ने कलेक्टर के सामने पेयजल की समस्या रखते हुए व्यवस्था बेहतर बनाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने क्रेडा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को गांव की जरूरतों का आकलन कर अतिरिक्त नल कनेक्शन लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जल्द नए नल कनेक्शन लगाने की जानकारी दी।

ये अधिकारी रहे मौजूद

स्वास्थ्य शिविर के निरीक्षण के दौरान एसडीएम आशुतोष शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीके तुरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी, बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, पेयजल और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page