गांवों के विकास में पंच-सरपंचों की भूमिका अहम : केदार कश्यप

नारायणपुर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन पर दिया जोर
रायपुर। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ग्रामीण विकास को गति देने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंच-सरपंचों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीणों की जरूरतों के अनुसार विकास की प्राथमिकताएं तय करें और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

वे सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन नारायणपुर के सिनेमा ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय पंच-सरपंच प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान ग्रामीण विकास योजनाओं में जनभागीदारी बढ़ाने और पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी के निर्देश
मंत्री कश्यप ने कहा कि पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, सामुदायिक भवन, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, सड़क, पुल-पुलिया और महतारी सदन जैसे जनोपयोगी कार्यों की नियमित निगरानी जरूरी है। पंचायत प्रतिनिधि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर ध्यान दें, ताकि ग्रामीणों को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं
कश्यप ने विकसित भारत जी राम जी योजना का उल्लेख करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों में लोगों को योजनाओं के उद्देश्य और लाभ की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें। जनविश्वास और जनभागीदारी से ही ग्रामीण विकास योजनाओं के बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
मछली और बतख पालन को मिलेगा प्रोत्साहन
ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए मंत्री ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र की संभावनाओं के अनुरूप मछली पालन और बतख पालन की कार्ययोजना तैयार करने तथा पात्र हितग्राहियों को इन गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर सहित पंचायत प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


