मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा कार्यालय में दी श्रद्धांजलि

पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
घोसी (मऊ)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर घोसी स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुजीत सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
सभा में सुजीत सिंह ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि नेताजी ने किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। सामाजिक न्याय के प्रति उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कैप्टन राजेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया और प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी सादगी, संघर्ष और जनसरोकारों से जुड़ी राजनीति कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नेताजी के बताए रास्ते पर चलने और समाजवादी सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामकृष्ण यादव, विधानसभा अध्यक्ष लालचंद यादव, नगर अध्यक्ष खुर्शीद खान, फजल खान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।



