एसपी ने मुहम्मदाबाद गोहना थाने का किया औचक निरीक्षण, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

अभिलेखों की जांच कर अपराध नियंत्रण और महिला शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को थाना मुहम्मदाबाद गोहना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में त्योहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और जनसुनवाई रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों को समय से अद्यतन रखने और गैंगस्टर, गुंडा एक्ट तथा हिस्ट्रीशीटर से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सीसीटीएनएस कार्यालय, विवेचना कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बंदीगृह, बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार और शौचालय का जायजा लिया। उन्होंने थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी देखी।
महिला शिकायतों के निस्तारण पर जोर
एसपी ने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनी जाएं और उनका नियमानुसार निस्तारण किया जाए। शिकायतों के निस्तारण के बाद पीड़ितों से नियमित फीडबैक लेने पर भी जोर दिया।
साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश
थाना परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए एसपी ने स्वच्छता का उच्च स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत वर्मा सहित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिस कार्यप्रणाली को व्यवस्थित और प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत वर्मा समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


