G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

मोदी के जन्मदिन से एक माह चलेगा सेवा संकल्प अभियान, बूथ स्तर तक पहुंचेंगे 25 सेवा प्रकल्प

कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भाजपा जिले में एक माह का सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सेवा के 25 प्रकल्पों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचकर समाज के अंतिम व्यक्ति से जुड़ेंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला के प्रभारी एवं भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि निर्माण के लिए जाना जाता है, उसी तरह नरेंद्र मोदी को नए भारत के निर्माण के लिए जाना जाएगा। विकसित भारत के संकल्प को लेकर केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। मोदी के जन्मदिन से एक माह तक चलने वाले अभियान में 25 सेवा प्रकल्पों को जिला से बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रत्येक हितग्राही के घर में ‘आशीर्वाद दीप’ जलाकर की जाएगी।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा सेवा का भाव

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनसेवा के संकल्प के रूप में मनाते हुए कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे। उन्होंने बूथ स्तर पर सभी कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्यसमिति की बैठक में मंडलवार कार्यक्रमों की समीक्षा की।

संगठन के दायित्व पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान

पूर्व संसदीय सचिव एवं पंडरिया विधायक मोतीराम चंद्रवंशी ने कार्यकर्ताओं से संगठन के 13 कार्यों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से दिए गए दायित्वों की शीर्ष स्तर पर समीक्षा होती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों को गंभीरता से पूरा करना चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि डबल इंजन की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने बूथ स्तर पर निर्धारित समय-सीमा में संगठनात्मक कार्य पूरा करने पर जोर दिया। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट ने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना की जानकारी दी।

14 मंडलों में होंगी कार्यशालाएं

भाजपा संगठन के अनुसार आगामी दिनों में जिले के सभी 14 मंडलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यशाला में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, संतोष पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलास चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी सहित जिला भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page