कवर्धा में शिक्षक सम्मान: शिक्षादूत और ज्ञानदीप पुरस्कार से दो शिक्षक सम्मानित, शिक्षक संघ ने दी बधाई

कवर्धा। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना 2026 के तहत 5 सितंबर को जिला मुख्यालय कवर्धा में आयोजित समारोह में कबीरधाम जिले के दो शिक्षकों को शिक्षादूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला-कबीरधाम ने हर्ष जताते हुए दोनों शिक्षकों को बधाई दी।
शिक्षादूत पुरस्कार से छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला-कबीरधाम के सहसचिव कपिदास मानिकपुरी, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला, विकासखंड सहसपुर लोहारा को सम्मानित किया गया। वहीं ज्ञानदीप पुरस्कार से संघ के जिला संगठन मंत्री दिनेश ठाकुर, शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धमकी, विकासखंड कवर्धा को सम्मान मिला।
जिला अध्यक्ष रामशरण चंद्रवंशी ने कहा कि दोनों शिक्षकों का सम्मान पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने दोनों शिक्षकों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निरंतर योगदान देने के लिए शुभकामनाएं दीं।
संघ के पदाधिकारियों और शिक्षक साथियों ने भी कपिदास मानिकपुरी एवं दिनेश ठाकुर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।


