अब हर सप्ताह एक थाना बनेगा एसपी का कार्यालय, वहीं होगी जनसुनवाई

एसपी जितेंद्र यादव की अभिनव पहल ‘एक थाना–एक सप्ताह’ शुरू, सहसपुर लोहारा से हुई शुरुआत; अगले सप्ताह कुंडा में बैठेंगे पुलिस कप्तान
कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने आमजन से सीधा जुड़ने और थाना स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने ‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान की शुरुआत सहसपुर लोहारा थाने से की। इसके तहत हर सप्ताह जिले का एक थाना एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के रूप में संचालित होगा। एसपी स्वयं पूरे दिन थाने में मौजूद रहेंगे और आम लोगों की शिकायतें सुनने के साथ ही क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की समीक्षा करेंगे।
इस पहल से लोगों को छोटी-बड़ी पुलिस संबंधी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय स्थित एसपी कार्यालय तक आने की जरूरत कम होगी। वे अपने ही क्षेत्र के थाने में पुलिस कप्तान से सीधे मुलाकात कर अपनी शिकायत और समस्या रख सकेंगे।

शिकायतों पर होगी समयबद्ध कार्रवाई
थाने में जनसुनवाई के दौरान एसपी आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे। अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था और अन्य शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
अपराध नियंत्रण से लेकर लंबित मामलों की समीक्षा
एसपी संबंधित थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरणों, वारंटियों की तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे। महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था, नशे और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनेंगे
पहल के दौरान थाना में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से भी एसपी ने व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल और बेहतर कार्य वातावरण प्रभावी पुलिसिंग का आधार है। कर्मचारियों की समस्याओं के नियमानुसार और यथासंभव त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सीधा संवाद
सहसपुर लोहारा में एसपी ने जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य जनता की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास बनाए रखना है।
अगले सप्ताह कुंडा में बैठेंगे एसपी
‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत अगले सप्ताह थाना कुंडा में पुलिस अधीक्षक स्वयं मौजूद रहेंगे। इसके बाद प्रत्येक सप्ताह जिले के अलग-अलग थानों में पहुंचकर एसपी जनसुनवाई, पुलिसिंग की समीक्षा और कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे। कबीरधाम पुलिस की इस पहल का उद्देश्य ‘पुलिस जनता के बीच और जनता पुलिस के करीब’ की भावना को मजबूत करना है।

