G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

राष्ट्रपति से मिलकर लौटे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से की मुलाकात

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और लोक संस्कृति की छाप छोड़ी; नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी, छात्राओं के सुवा नृत्य की सराहना की

रायपुर, 1 सितंबर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने बच्चों से सहजता से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।

बोले मुख्यमंत्री- बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच देने की है। ऐसे अवसर विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई ऊंचाई देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रपति ने नुकेश को बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश समेत वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।

सुवा नृत्य ने मोहा मन

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी। लोकगीत, संगीत और पारंपरिक नृत्य से सजी प्रस्तुति की राष्ट्रपति ने सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अपनी प्रतिभा के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति का भी परिचय कराया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति प्रदेश की पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे देश के बड़े मंचों पर प्रस्तुत करती है तो परंपराओं को नई ऊर्जा और पहचान मिलती है।

इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से भेंट

राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।

इस अवसर पर राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा रायपुर डॉ. मुक्ति बैस और महासमुंद के शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता चंद्रशेखर मिथलेश भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page