बाधाओं को पार कर ही मिलता है सच्चे सुख का अनुभव : देशमुख

खलारी। ग्राम खलारी स्थित मां शीतला प्रांगण में 29 व 30 अगस्त को दो दिवसीय अखंड रामायण एवं गोस्वामी तुलसीदास जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। तहसील स्तरीय गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तुलसी मानस प्रतिष्ठान के प्रांतीय अध्यक्ष जगदीश देशमुख ने गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति के जीवन में अनेक बाधाएं आती हैं, लेकिन इन्हें पार करने के बाद ही सच्चे सुख का अनुभव होता है। तुलसीदास के जीवन में भी कई कठिनाइयां आईं, लेकिन उन्होंने ईश्वर के प्रति आस्था बनाए रखी और आगे चलकर विश्व के श्रेष्ठ काव्य ग्रंथों में शामिल श्रीरामचरितमानस की रचना की। उन्होंने कहा कि सच्ची सेवा ही प्रभु की सेवा है।
समारोह में क्षेत्र के विभिन्न मानस मर्मज्ञ एवं मानस वक्ताओं ने सहभागिता की। पाहड़ सिंह साहू, त्रेता चंद्राकर, लीलार सिन्हा, बीआर बेलसर, विष्णु सोरी, भरत कौशिक और पुरुषोत्तम राजपूत ने मानस प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को संबोधित किया। वहीं श्रीमंजुलाल धनकर, सुरेश कोठारी और माधवराम सरपा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम की जानकारी ग्राम खलारी के सरपंच आत्माराम राम दुग्गा, पुखराज निषाद, उमाकांत साहू, दीपक आरदे, गंगाराम साहू, बालेश्वर सावलकर, प्रकाश दहिबेले, गोपाल साहू, ग्राम पटेल अनिल निषाद, हुकुम साहू सहित ग्रामीणों ने दी।



