G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

सभी अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने समय-सीमा की बैठक में दिए निर्देश, सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर और रवाना होते समय दर्ज करनी होगी उपस्थिति

कवर्धा। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी सुबह 10 बजे अपने कार्यालय में पहुंचने के बाद तथा कार्यालय से प्रस्थान करते समय अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें। सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालयीन समय का पालन करते हुए अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

ई-फाइलिंग से होगा शासकीय काम

बैठक में कलेक्टर ने विभागवार कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार शत-प्रतिशत ई-फाइलिंग के माध्यम से शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए।

उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने के साथ आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण करने पर जोर दिया।

हाईकोर्ट के मामलों को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

कलेक्टर ने विभिन्न विभागों से जुड़े उच्च न्यायालय के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा में पूरी की जाए।

ट्रांजिट हॉस्टल और खेल मैदान की भी समीक्षा

बैठक में अधोसंरचना और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। कवर्धा में अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित ट्रांजिट हॉस्टल तथा तरेगांव जंगल में खेल मैदान निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने एसडीएम बोड़ला आशुतोष शर्मा को खेल मैदान के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। वहीं स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों के लिए स्थल चयन में विद्यार्थियों और बच्चों की सुविधा को प्राथमिकता देने को कहा।

पीएम जनमन योजना की सड़कों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रधानमंत्री जनमन योजना से जुड़े सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रगतिरत सड़कों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ा जा सके।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान बोड़ला और लालपुर में अनुविभागीय कार्यालय स्थापित करने के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आचला, सभी एसडीएम, तहसीलदार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page