G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

प्रदेश में खेती-किसानी ने पकड़ी रफ्तार, 33.50 लाख हेक्टेयर में हुई बोनी

प्रदेश में खेती-किसानी ने पकड़ी रफ्तार, 33.50 लाख हेक्टेयर में हुई बोनी

खरीफ सीजन में लक्ष्य का 69 प्रतिशत पूरा, किसानों को अब तक 9.22 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित

रायपुर, 22 जुलाई 2026। मानसून की सक्रियता के साथ ही छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों की बोनी का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रदेश में 22 जुलाई की स्थिति में 33.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 69 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों को उनकी मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज आसानी से उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण रखने और लगातार निगरानी करने को कहा है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा की जा रही है।

धान, मक्का सहित कई फसलों की हो चुकी बोनी

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में अब तक धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों की बोनी 33.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हो चुकी है।

4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण

खरीफ 2026 के लिए बीज निगम द्वारा 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध 4.70 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और अब तक किसानों को 4.12 लाख क्विंटल बीज वितरित किया जा चुका है, जो मांग का करीब 83 प्रतिशत है।

गत वर्ष इसी अवधि में 4.11 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया गया था।

9.22 लाख मीट्रिक टन खाद किसानों तक पहुंची

प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध सहकारी और निजी क्षेत्रों में 14.57 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है।

अब तक किसानों को 9.22 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 59 प्रतिशत है।

किसानों को 6633.71 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण

राज्य सरकार द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। चालू खरीफ सीजन 2026 में 21 जुलाई तक किसानों को 6633.71 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है।

पिछले वर्ष इसी अवधि में 5560.34 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया गया था। इस वर्ष सरकार ने किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये कृषि ऋण वितरण का लक्ष्य रखा है।

प्रदेश में अब तक 389.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज

अधिकारियों के अनुसार 22 जुलाई सुबह तक प्रदेश में 389.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। पिछले 10 वर्षों के औसत के आधार पर इस अवधि तक सामान्य वर्षा 421.5 मिलीमीटर दर्ज की गई है। वहीं इस अवधि में आज तक 33.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है।

सरकार का प्रयास है कि किसानों को समय पर खाद, बीज, ऋण और आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराकर खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page