मां महामाया मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश

मड़मड़ा गांव की घटना, पुलिस से जल्द कार्रवाई और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
https://youtube.com/shorts/6mFqL07VXnY?si=zd_C9ZHuQrGNTkg6
बोड़ला। विकासखंड बोड़ला के ग्राम मड़मड़ा स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा माता रानी के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक आस्था पर चोट बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर मंदिर में रखे माता रानी के सोने-चांदी के सिंगार के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर से आभूषणों की चोरी अत्यंत दुखद और चिंताजनक घटना है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी करने तथा चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से जिले के मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर नियमित निगरानी, सुरक्षा इंतजाम और आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


