ओडीएफ प्लस अभियान में स्वच्छग्रही निभा रहे अहम भूमिका, 2 अक्टूबर तक 60 ग्राम पंचायतों में लक्ष्य पूरा करने पर जोर

कबीरधाम। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जिले की 60 ग्राम पंचायतों को 2 अक्टूबर 2026 तक ओडीएफ प्लस के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छग्रही केवल घर-घर से कचरा एकत्रित नहीं कर रहे हैं, बल्कि गांवों में स्वच्छता की संस्कृति विकसित करने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वच्छग्रही प्रतिदिन घर-घर जाकर चार श्रेणियों में ठोस अपशिष्ट का संग्रहण कर रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, खतरनाक एवं विशेष कचरे के सुरक्षित निपटान, जैविक खाद निर्माण तथा तरल अपशिष्ट प्रबंधन के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छग्रही सार्वजनिक स्थानों, नालियों और बाजारों की नियमित साफ-सफाई के साथ ओडीएफ प्लस की स्थायित्व, स्वच्छ जीवनशैली तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं। ग्रामीणों को भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने जैसी अच्छी आदतें अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण के साथ स्लज के सुरक्षित निपटान और ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जिले में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) एवं कचरा प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की गई है। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिवों को स्वच्छग्रहीयों को आवश्यक संसाधन, उपकरण और समय पर मानदेय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित चार श्रेणियों में अलग-अलग कर स्वच्छग्रहीयों को सौंपें तथा स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि जिले की सभी चयनित ग्राम पंचायतें समयबद्ध रूप से ओडीएफ प्लस का लक्ष्य हासिल कर स्वच्छ और स्वस्थ ग्रामों के रूप में विकसित हो सकें।


