
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शुरू, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
कवर्धा। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सहसपुर लोहारा में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत सहसपुर लोहारा की अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, उपाध्यक्ष हेमंत साहू और पार्षद दिवाकर डडसेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार शिक्षा और कौशल विकास है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
परियोजना अधिकारी रीना ठाकुर ने प्रशिक्षण की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर इसे आजीविका का माध्यम बनाने की अपील की।
प्रशिक्षण के पहले दिन प्रशिक्षिका कृष्णा यादव ने सिलाई मशीन की संरचना, संचालन और सिलाई की प्रारंभिक तकनीकों की जानकारी दी। आगामी सत्रों में प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के परिधानों की सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम में पर्यवेक्षक श्यामलता साहू, महेशिया साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, प्रशिक्षणार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

