मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्री एटीएम को दिखाई हरी झंडी, अब लोगों को निःशुल्क मिलेंगे पौधे

‘आज लगाया गया हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा’ : मुख्यमंत्री
रायपुर, 16 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में जशपुर वन विभाग ने एक अभिनव पहल करते हुए ‘ट्री एटीएम’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बगिया हेलीपैड परिसर में इस अनूठे मोबाइल ट्री एटीएम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर स्वयं ट्री एटीएम से आंवला का पौधा प्राप्त किया तथा उपस्थित लोगों को भी पौधों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि यह मोबाइल ट्री एटीएम लोगों तक आसानी से पौधे पहुंचाने का माध्यम बनेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग पौधरोपण अभियान से जुड़ेंगे और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जशपुर वन विभाग की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘ट्री एटीएम’ पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है और ऐसे समय में यह पहल लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे सहज रूप से उपलब्ध कराएगी। इससे बड़े स्तर पर पौधरोपण को बढ़ावा मिलेगा और हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में नई गति आएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान ने पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। इसी अभियान से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। “आज लगाया गया हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा,” मुख्यमंत्री ने कहा।
‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ का संदेश
‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के अंतर्गत शुरू किए गए ट्री एटीएम को “आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव” के प्रेरक संदेश के साथ रवाना किया गया। इस पहल के तहत केवल निःशुल्क पौधों का वितरण ही नहीं किया जाएगा, बल्कि प्रत्येक हितग्राही को पौधरोपण की वैज्ञानिक विधि, नियमित देखभाल, संरक्षण और पौधे को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जानकारी भी दी जाएगी।
वन विभाग का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि उनकी जीवित रहने की दर बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को दीर्घकालिक जन-आंदोलन के रूप में विकसित करना है। यह अभिनव पहल हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण के साथ-साथ जलवायु संरक्षण और जनभागीदारी को भी नई दिशा देने की ओर महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

