कुकदुर पुलिस ने पान दुकान चोरी का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

13 हजार रुपये का चोरी गया माल बरामद, व्यापारियों ने ली राहत की सांस
कवर्धा, 12 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले की कुकदुर पुलिस ने पान दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया नगदी और सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोदवागोडान निवासी शिवराम प्रजापति ने 11 जुलाई को थाना कुकदुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बाजार चौक में पान दुकान संचालित करते हैं। 10 जुलाई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगले दिन सुबह लौटे तो दुकान का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान बिखरा हुआ था।
जांच में पता चला कि अज्ञात चोर दुकान से 5 हजार रुपये नगद, पान मसाला, गुटखा, बिस्किट, नमकीन, कोल्ड ड्रिंक, पानी की पेटियां सहित लगभग 13 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गया था। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान राजेश्वर उर्फ रज्जू चेचाम, निवासी ग्राम कामठी कछारपारा (हाल निवासी नागाडबरा), पर संदेह होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले दुकान की रेकी की और फिर रात के अंधेरे में ताला तोड़कर नगदी एवं अन्य सामान चोरी कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया नगदी और सामान बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी एवं बिसेन चंद्रवंशी, आरक्षक सुनील नायक तथा कृष्णकुमार धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुकदुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।


