विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत हुआ वृहद पौधरोपण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा
लोकतंत्र के मंदिर से पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का दिया सशक्त संदेश
रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर रुद्राक्ष का पौधा रोपा। कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने अभियान के लिए बनाए गए विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज पूरे देश में जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है तो उसके संरक्षण के प्रति उसका भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा परिसर में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण करना अत्यंत प्रेरणादायी पहल है। इससे पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा होगी। उन्होंने इस अभिनव आयोजन के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा, बढ़ते तापमान और जैव विविधता के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल पर्यावरणीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव जीवन और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल अवश्य करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय अभियानों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देगा।
कार्यक्रम में विधानसभा के सभी सदस्यों ने अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



