राजिम नगर पंचायत का हुआ नगर पालिका में उन्नयन
राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना, शहर के विकास को मिलेगी नई गति
रायपुर, 14 जुलाई। राज्य शासन ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं होंगी।
राज्य शासन के इस निर्णय से राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के सुनियोजित विकास के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम नगर पंचायत के नगर पालिका में उन्नयन से शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे शहरी विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास में तेजी आएगी। साथ ही राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंचाया जा सकेगा।
राज्य शासन के इस निर्णय को राजिम के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नगर पालिका बनने से भविष्य में शहरी अधोसंरचना, नागरिक सुविधाओं और विकास परियोजनाओं के लिए अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।




