जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए 31 जुलाई तक आवेदन
कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन निःशुल्क, 28 नवंबर को होगी चयन परीक्षा
कवर्धा, 14 जुलाई। जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है तथा इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एन.के. लांजेवार ने बताया कि कबीरधाम जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा पाँचवीं में अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थी, जो जिले के वास्तविक (बोनाफाइड) निवासी हैं तथा जिनकी जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच है, वे चयन परीक्षा के लिए पात्र होंगे। चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी निर्धारित मानदंडों के अनुरूप होना चाहिए। इसके अनुसार विद्यार्थी ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा तीसरी, 2025-26 में कक्षा चौथी तथा 2026-27 में कक्षा पाँचवीं में पूरे शैक्षणिक सत्र नियमित रूप से अध्ययन किया होना आवश्यक है।
ऑनलाइन आवेदन जवाहर नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट www.navodaya.gov.in अथवा निर्धारित ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की गई है कि आवेदन करने से पहले पात्रता संबंधी सभी नियमों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें तथा अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता एवं जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 07741-299884, 7869184997, 9407317224 एवं 9399532137 पर संपर्क किया जा सकता है।



