G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

वर्षों का इंतजार खत्म, भोरमदेव शक्कर कारखाना के 4691 गन्ना उत्पादक किसान बने नए अंशधारी सदस्य

कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा में वर्षों से लंबित नवीन अंशधारी सदस्य बनाने की मांग आखिरकार पूरी हो गई। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रविवार को पेराई सत्र 2025-26 में कारखाना को गन्ना बेचने वाले 4691 गन्ना उत्पादक किसानों को नवीन अंशधारी सदस्यता प्रमाण-पत्र वितरित किए।

क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से नए अंशधारी सदस्य बनाए जाने की मांग की जा रही थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कारखाना प्रबंधन को योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन, कारखाना प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों तथा जिले के दोनों किसान संघों के प्रतिनिधियों की सहभागिता से नए अंशधारी सदस्य बनाने की प्रक्रिया तैयार की गई।

योजना के तहत पेराई सत्र 2025-26 में गैर-अंशधारी किसानों से भी गन्ने की खरीदी की गई और उन्हें कारखाना का अंशधारी सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया। इसी निर्णय के अनुरूप 4691 किसानों को सदस्यता प्रदान की गई।

नवीन अंशधारी सदस्य बनने के बाद किसानों को अब नियमित रूप से कारखाना में गन्ना विक्रय करने का अवसर मिलेगा। साथ ही कारखाना द्वारा अंशधारी सदस्यों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ भी प्राप्त होगा। दूसरी ओर, कारखाना को भी गन्ना पेराई के निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी।

सदस्यता प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ जिले के जनप्रतिनिधि, किसान संघों के पदाधिकारी, कारखाना के अंशधारी सदस्य, बड़ी संख्या में गन्ना उत्पादक किसान एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कारखाना के प्रबंध संचालक जी.एस. शर्मा, महाप्रबंधक अंकित मरकाम सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page