G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का तिलक कर किया स्वागत, पुस्तकों का वितरण कर दिलाया शिक्षा का संकल्प

बोड़ला। विकासखंड बोड़ला के ग्राम चिल्फी में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने शिक्षा विभाग का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विकासखंड में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विभागीय उपलब्धियों एवं शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है और इसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्यान्ह भोजन) के तहत मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया। अतिथियों ने योजना के प्रभावी संचालन की सराहना करते हुए बच्चों को पौष्टिक भोजन और नियमित शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बोड़ला की अध्यक्ष बालका-रामकिंकर वर्मा थीं, जबकि अध्यक्षता जिला भाजपा कबीरधाम के महामंत्री नितेश अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत बोड़ला के उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत कबीरधाम के सभापति राजकुमार मेरावी, सांसद प्रतिनिधि नरेश चन्द्रवंशी, विधायक प्रतिनिधि छोटूराम चन्द्रवंशी, जनपद पंचायत बोड़ला के सभापति छोटेलाल मरकाम, ग्राम पंचायत चिल्फी के सरपंच जगेशदास सोनवानी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जीवनदास सोनवानी सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि “प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज और शासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। पालकों को भी अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”

कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ), संकुल समन्वयक (सीएसी), विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और शिक्षा के प्रति जनजागरण के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page