G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

शाला प्रवेश उत्सव के साथ सेवानिवृत्त प्रधान पाठक धर्मेंद्र शर्मा को भावभीनी विदाई

घुघरीकला। पूर्व माध्यमिक शाला घुघरीकला में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव के साथ सेवानिवृत्त प्रधान पाठक धर्मेंद्र कुमार शर्मा के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए।

समारोह के दौरान विद्यालय परिवार एवं शाला प्रबंधन समिति ने श्री शर्मा को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया। उपस्थित वक्ताओं ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेलकूद तथा व्यक्तित्व विकास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि श्रेष्ठ नागरिकों के निर्माण का सशक्त केंद्र है। सभी विद्यार्थियों से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पूरे उत्साह, लगन और अनुशासन के साथ करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के सदस्य दिनेश पटेल ने विद्यालय की मध्याह्न भोजन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए ₹10,000 की सहयोग राशि प्रदान की, जिसकी सभी उपस्थितजनों ने सराहना की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रुपेश तिवारी ने किया, जबकि संकुल समन्वयक महेंद्र जांगड़े का आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page