भीमभौरी में अवैध वृक्ष कटाई का भंडाफोड़, फर्जी वन मुहर के साथ ट्रक और क्रेन जब्त


कवर्धा, 3 जुलाई 2026। रेंगाखार तहसील के ग्राम भीमभौरी में आम के पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और एक क्रेन जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग की टीम ने की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नायाब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू को ग्राम भीमभौरी में अवैध वृक्ष कटाई की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान खसरा क्रमांक 108 में 12 आम के वृक्ष अवैध रूप से कटे हुए मिले तथा उनकी लकड़ियां परिवहन के लिए तैयार की जा रही थीं।
जांच के दौरान कटे हुए लट्ठों पर वन विभाग की मुहर अंकित दिखाई दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर भूपेंद्र कुमार ने मुहर का सत्यापन किया, जिसमें वह फर्जी पाई गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि अवैध लकड़ी को वैध दर्शाने के लिए वन विभाग की नकली सील का इस्तेमाल किया गया था।
प्रशासन की प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि कटे हुए आम के लट्ठों को मध्य प्रदेश के इंदौर भेजने की तैयारी थी। समय रहते की गई कार्रवाई से अवैध परिवहन को रोक दिया गया।
मौके पर वन, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर ट्रक और क्रेन को जब्त किया गया। प्रशासन ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा अवैध वृक्ष कटाई, फर्जी सील के उपयोग और लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध वृक्ष कटाई एवं लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


