नकटी पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रभावित ग्रामीणों से की मुलाकात

दीपक बैज बोले- गरीबों के घर तोड़ना अन्याय, पुनर्वास और मकान देने की मांग

रायपुर, 30 जून। नकटी गांव में प्रभावित परिवारों से मिलने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री शिव डहरिया, पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन और राजेंद्र पप्पू बंजारे भी शामिल रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नकटी के ग्रामीणों के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 40 वर्षों से बसे गरीब परिवारों के घर उजाड़ना अन्याय है। उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवारों का तत्काल पुनर्वास करने और जिनके मकान तोड़े गए हैं, उन्हें नए मकान उपलब्ध कराने की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार की कार्रवाई से कई गरीब परिवार बेघर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्गों के साथ होने वाले अन्याय को स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उनके साथ खड़े रहने की बात कही।



