भाजपा महिला मोर्चा भी होगा डिजिटल, बूथ स्तर तक होगा प्रशिक्षण

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा : हर क्षेत्र में महिलाओं की डिजिटल भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा है कि भाजपा का ‘डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम’ कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक, पार्टी की विचारधारा, इतिहास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए चलाया जा रहा एक विशेष प्रशिक्षण अभियान है। श्रीमती अवस्थी ने कहा कि इस अभियान को महिला कार्यकर्ताओं के बीच बूथ स्तर तक पहुँचाने महिला मोर्चा ने तैयारी पूरी कर ली है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी ने डिजिटल प्रशिक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिक युग में डिजिटल होना आवश्यक है क्योंकि आज के दौर में त्वरित जानकारियाँ, मुद्दे और विषय डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए उपलब्ध होते हैं, अत: भाजपा महिला मोर्चा को डिजिटल क्षेत्र में पूर्ण प्रशिक्षित होना अनिवार्य है ताकि वे बेहतर तरीके से डिजिटल क्षेत्र के कार्य करने में सक्षम हो सकें। श्रीमती अवस्थी ने इस कार्यक्रम के विषय में विस्तार से बताते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रशिक्षण भाजपा के आधिकारिक सरल ऐप के माध्यम से डिजिटली प्रदान किया जाता है। इसका आधारभूत मुख्य पाठ्यक्रम कार्यकर्ताओं को चार प्रमुख मॉड्यूल के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाना है, जिसके तहत भाजपा की विचारधारा और पार्टी का इतिहास , नेतृत्व और पंचनिष्ठा , नमो ऐप का उपयोग एवं साथ ही केंद्र और राज्य सरकारों की जन-कल्याणकारी विकास योजनाओं को डिजिटल माध्यम से प्रसारित किया जाएगा।


